राजकीय केजीके होम्योपैथिक मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल लाइनपार में बीएमएस की सीटें बढ़ाए जाने को लेकर सोमवार को सेंट्रल काउंसिल आफ होम्योपैथिक (सीसीएच) की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने मेडिकल कालेज में आधारभूत सुविधाओं के साथ बारीकी से सभी विभागों का निरीक्षण किया। कालेज में बीएमएस की सीटें बढ़ाकर 100 करने का प्रस्ताव है।
लाइनपार में राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज है। 1980 में सरकार ने कालेज अधिग्रहण कर लिया। कालेज की नींव 1965 में रखी गई थी। वर्तमान में कालेज की बीएमएस की सालाना 40 सीटें हैं। कालेज में सीटें बढ़ाए जाने को लेकर पिछले कई समय से प्रयास किए जा रहे थे। इसके चलते कालेज में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया। कालेज से बीएमएस की सालाना सीटें बढ़ाकर 100 करने का प्रस्ताव सेंट्रल काउंसिल आफ होम्योपैथिक इंडिया नई दिल्ली को भेजा गया था।
काउंसिल में प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। इसके बाद ही सेंट्रल काउंसिल आफ होम्योपैथिक (सीसीएच) के डा. दीप कुमार और डा. एसके मिश्रा सोमवार को कालेज निरीक्षण के लिए पहुंचे। सुबह 11 बजे से टीम ने शाम पांच बजे तक मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। सभी 12 विभागों में पहुंचकर बुनियादी सुविधाएं देखी। टीम अपनी रिपोर्ट काउंसिल को सौंपेगी और इसके बाद ही सीटें बढ़ाई जाएंगी। इस दौरान कालेज के प्राचार्य डा. उमाशंकर मिश्रा, डा. केवी सिंह, डा. के माइटी, डा. रामदेव यादव और डा. प्यारे लाल कालेज का स्टाफ मौजूद रहा।