मुरादाबाद रेल मंडल में शुक्रवार को डाउन लाइन पर पांच घंटे का ब्लाक रहेगा। जिसकी वजह से कुछ ट्रेनों को विलंब से चलाया जाएगा। जबकि कुछ गाड़ियां शार्ट टर्मिनल से दौड़ाई जाएंगी। रामनगर मुरादाबाद पैसेंजर पीपलसाना तक आएगी। जबकि सियालदह एक्सप्रेस, हिमगिरी और अवध असम एक्सप्रेस पांच पांच घंटे देरी से मुरादाबाद रेलवे स् टेशन पर पहुंचेंगी।
गजरौला से आलमनगर तक ट्रेनों को रोक कर पटरियां और स्लीपर बदलने का कार्य किया जाएगा। गजरौला से मुरादाबाद के बीच सुबह 8.50 से दोपहर 1.50 बजे तक कार्य चलेगा। इसके अलावा मुरादाबाद से रामपुर के बीच सुबह 9.10 से 2.10 तक कार्य चलेगा। रामपुर से बरेली बीच सुबह नौ से दोपहर दो और बरेली से रोजा के बीच सुबह 9.45 से दोपहर 2.45 तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहेगा। इस दौरान हिमगिरी, सियालदह अवध असम एक्सप्रेस चार से पांच घंटे देरी से चलेंगी। इसके अलावा अमृतसर से हावड़ा अकाल तख्त एक्सप्रेस और नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 35 मिनट विलंब से चलेगी। इसके अलावा रामनगर से मुरादाबाद के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन शुक्रवार को पीपलसाना तक चलेगी। जबकि पीपलसाना से ही इस ट्रेन को वापस किया जाएगा।