सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का बैडमिंटन कोर्ट खिलाड़ियों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। मरम्मत कार्य बीच में ही रुकने की वजह से उन्हें अभ्यास करने में परेशानी हो रही है। खिलाड़ियों का कहना है कि कोर्ट टूटा होने की वजह से चोट भी लग जाती है।
अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में मरम्मत कार्य शुरू हुआ था। ठेकेदार ने एक कोर्ट बना दिया, जबकि दूसरे कोर्ट की लकड़ी भी बैडमिंटन हाल में पड़ी हुई है। लगभग दस दिन पहले काम बंद होने से दूसरा कोर्ट उखड़ा हुआ पड़ा है। खिलाड़ियों के अनुसार 27 दिसंबर से बैडमिंटन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता प्रस्तावित है। यदि पहले जैसा भी कोर्ट होता तो खेलते रहते। एक ही कोर्ट के सही होने से उस पर खेलने वालों की भीड़ लगी रहती है।
कोर्ट टूटने की वजह से खेलते समय गिर जाते हैं। इसकी शिकायत खेल अधिकारियों और प्रशिक्षकों से की है। अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
दिव्यांश विश्नोई, खिलाड़ी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दो सप्ताह का समय ही बचा है, लेकिन नियमित अभ्यास नहीं हो पा रहा है। अधूरे कोर्ट की वजह से समस्या हो रही है।
सार्थक गुप्ता, खिलाड़ी।
इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। हम सिर्फ उसे बनते हुए देख रहे हैं। हमें धनराशि या कार्य की जानकारी नहीं है। ठेकेदार के बारे में भी नहीं पता है। एमडीए मरम्मत कार्य करा रहा है।
अनिमेष सक्सेना, क्रीड़ा अधिकारी।