बिलारी। क्षेत्र के अमरपुरकाशी स्थित मीरा अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में सोमवार को पर्यावरण सुरक्षा को लेकर आयोजित गोष्ठी में पुराने पेड़ों को बचाने और बड़ी संख्या में नए पौधे लगाने का आह्वान किया गया। कालेज के प्रधानाचार्य विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि पौधारोपण से ही पर्यावरण सुरक्षा संभव है। पर्यावरण जब सुरक्षित होगा तब लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। उन्होंने स्कूली बच्चों से कहा कि वह अपने अभिभावकों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करें। बाद में प्रधानाचार्य ने स्कूली बच्चों को तुलसी के पौधों का वितरण किया। बच्चों ने कालेज परिसर और अपने घरों में तुलसी के पौधे लगाए। इस दौरान तुलसी के औषधीय गुण और अध्यात्मिक गुण के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उधर अमरपुरकाशी के निकट ही शिव मंदिर ज्योति शुगर फैक्ट्री में सुबह के समय भक्तों ने भगवान शंकर भोलेनाथ का अभिषेक किया और महामृत्युंजय मंत्र के साथ भगवान भोलेनाथ की विशेष आराधना की।