22 वीं अंतर पीएसी पश्चिमी जोन हाकी प्रतियोगिता में गुरुवार को दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। जिसमें तपती गर्मी में खिलाड़ी एक एक गोल के लिए पसीना बहाते नजर आए। बरेली और मेरठ के खिलाड़ियों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए अपनी अपनी टीमों को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मेरठ की टीम ने गाजियाबाद और बरेली की टीम ने आगरा को हराकर प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जगह बना ली है। शुक्रवार को 24 वीं पीएसी के मैदान पर फाइनल मैच खेला जाएगा।
गुरुवार को पहला बरेली और आगरा के बीच खेला गया। इस मैच में जबरदस्त टक्कर हुई। अंत में बरेली की टीम ने 3-2 से मैच जीत लिया। इसके बाद दूसरा सेमीफाइनल मैच 44 वीं पीएसी मेरठ और 41 वीं पीएसी गाजियाबाद के बीच खेला गया। जिसमें में दोनों टीमें 1-1 गोल से बराबर रहीं। इसके बाद ट्राई ब्रेकर में मेरठ की टीम ने 3-2 से मैच जीतकर फाइनल में जगह बना ली। मैच के अंत में सभी चौदह टीमें ग्राउंड पर पहुंची और समापन समारोह का रिहर्सल कराया गया। शुक्रवार को मेरठ और बरेली की टीमें पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगी। निर्णायक मंडल में उप क्रीड़ा अधिकारी रंजीत राज, नागेंद्र सिंह, अंकित शर्मा, योगेश श्रीवास्तव, योगेंद्र, आदेश कुमार। इस दौरान उप सेनानायक डा. मनोज कुमार, प्रदीप कुमार सहायक सेनानायक, विनोद कुमार राणा सहायक सेना नायक, अवनीश कुमार, संजीत राणा, कुलदीप समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।