आज से रोडवेज का धामपुर का किराया 25 रुपए महंगा
क्रासर
डायवर्जन के चलते तहसील से चलेंगी धामपुर की अनुबंधित बसें
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
अगर परिवहन निगम की तैयारी पूरी रही तो आज (गुरुवार) से धामपुर की अनुबंधित बसें तहसील से चलेगी। यहां अस्थाई बस अड्डा बनाया गया है। जहां से धामपुर की बीस अनुबंधित बसें चलेगी। ऐसा फव्वारा से कपूर कंपनी तक सीवर खुदाई के लिए हुए रूट डायवर्ट के चलते किया गया है। बाकी बसें मुरादाबाद अड्डे से संचालित होगी। डायवर्जन से यात्रियों को पंद्रह से पचीस रुपये अधिक किराया देना होगा।
सोमवार की आधी रात से फव्वारा तिराहे से कपूर कंपनी तक सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। स्टेशन रोड पर जाम की स्थिति न हो, इसके लिए कपूर कंपनी से फव्वारा तक ट्रैफिक वन-वे किया गया। चार पहिया वाहन डीआरएम कार्यालय, रेलवे अस्पताल के रास्ते कपूर कंपनी पहुंच रहे हैं। जबकि भारी वाहनों की एंट्री नहीं हैं। हरिद्वार और देहरादून की बसें हनुमान मूर्ति, पंडित नगला, लाकड़ी तिराहा, पाकबड़ा, अगवानपुर के रास्ते जा रही हैं। दिल्ली की बसें पहले से ही हनुमान मूर्ति के रास्ते चल रही हैं। गुुरुवार से धामपुर की अनुबंधित बसों का संचालन तहसील के पास अस्थाई बस अड्डा बनाकर किया जाएगा। आरएम अतुल जैन ने बताया कि धामपुर की बीस अनुबंधित बसें तहसील से चलाई जाएंगी। वहीं घूमकर हरिद्वार और देहरादून जाने वाली बसों का किराया पचीस रुपये बढ़ जाएगा। ईटीएम में फीडिंग कराई जा रही है। गुरुवार से बढ़ा हुआ किराया वसूल किया जाएगा।