बेसिक शिक्षा विभाग में 28 जून तक चली अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया मुरादाबाद के लिए फायदेमंद रही। गुरुवार शाम तक 69 शिक्षकों की अपेक्षा 305 शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय में ज्वाइन किया। इसमें सिर्फ एक पुरुष शिक्षक है। अब स्कूलों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शेष है।
शिक्षकों ने स्थानांतरण का लाभ लेने के लिए आनलाइन आवेदन किया था। शासन की ओर से भी विभागीय अधिकारियों को संबंधित शिक्षकों की सूची नहीं उपलब्ध कराई गई थी। आवेदन पत्र पर एक क्यूआर कोड अंकित था। इसी के आधार पर अधिकारियों ने शिक्षकों को कार्यमुक्त करने के अलावा ज्वाइनिंग दिलाई है। इसके लिए गुरुवार तक का समय था। मुरादाबाद आने वालों में सबसे अधिक लखीमपुर खीरी की शिक्षिकाएं हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षकों को विद्यालय आवंटन के लिए जिले के बंद और एकल विद्यालय के अलावा ज्यादा आवश्यकता वाले विद्यालयों की सूची मांगी गई है। जनशक्ति प्रक्रिया के अंतर्गत सभी विद्यालयों से सृजित पद, कार्यरत शिक्षक और पढ़ने वाले बच्चों का विवरण लिया जा रहा है, ताकि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के मानक के अनुरूप कितने शिक्षकों की जरूरत पड़ेगी, इसकी जानकारी मिल जाए। काउंसलिंग की तारीख इन तैयारियों के पूर्ण होने के बाद ही घोषित की जाएगी, ताकि शिक्षकों को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हो।