मुरादाबाद। पीतल नगरी रोडवेज बस अड्डे के सामने सोमवार देर रात 60 मुसाफिरों को मौत छू कर निकल गई। बरेली से देहरादून जा रही रोडवेज की बस विद्युत पोल से टकरा गई। इस हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। जिसमें एक की हालत गंभीर है। हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस में करंट नहीं दौड़ा। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। यहां इलाज कराने के बाद यात्री चले गए।
बरेली डिपो की रोडवेज बस सोमवार देर रात 60 यात्रियों को लेकर देहरादून जा रही थी। रात करीब तीन बजे चालक फहीम उल हसन बस लेकर पीतल नगरी बस अड्डे के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई। जिससे बस सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकरा गई। इस हादसे से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। तारों में हाईटेंशन करंट दौड़ रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचवाया। हादसे में घायल सुनील निवासी पीलीभीत को भर्ती कर लिया गया। बाकी घायल प्राथमिक उपचार कराने के बाद चले गए। सुनील देहरादून में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। वह हादसे के वक्त देहरादून जा रहा था। हादसे के बाद अन्य यात्री दूसरी बस से देहरादून के लिए चले गए। देर रात तक इस मामले में थाने में कोई तहरीर नहीं आई थी।