मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को ज्वाइंट कमिश्नर कस्टम के कार्यालय में पहुंचकर अपनी शिकायतों से संबंधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। इस दौरान कार्यालय में सभी निर्यातकों को कुर्सी व पानी नहीं मिलने के मुद्दे पर निर्यातकों ने नाराजगी जताई। ज्वाइंट कमिश्नर ने शिकायतों को दूर करने और निर्यातकों की लंबित फाइलों के निस्तारण के लिए शनिवार को अवकाश में भी कार्यालय खोलने का आश्वासन दिया है। आईजीएसटी और सीजीएसटी के सभी लंबित प्रकरणों में शुक्रवार को चालान बनाकर ट्रेजरी को भेज दिए गए हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेद उर रहमान और महासचिव अवधेश अग्रवाल के नेतृत्व में निर्यातकों का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को ज्वाइंट कमिश्नर कस्टम अमित शर्मा के कार्यालय में पहुंचा। निर्यातकों ने आईजीएसटी और सीजीएसटी रिफंड की फाइलें लंबित होने समेत कई समस्याएं रखीं। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि निर्यातकों को समय से जीएसटी भुगतान नहीं मिलने की वजह से असुविधा हो रही है। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल में शामिल सभी निर्यातकों को कार्यालय में कुर्सियां नहीं मिल सकीं। इस पर निर्यातक भड़क गए और नाराजगी जाहिर की। ज्वाइंट कमिश्नर कस्टम अमित शर्मा ने बताया कि कुर्सी, पानी से संबंधित जो शिकायत निर्यातकों ने की है उसे जरूर सामान की खरीद के साथ भविष्य में दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्यातकों की मुख्यत: दो शिकायतें थीं। इनमें पहली शिकायत रिफंड में देरी की बाबत थी। उन्होंने बताया कि निर्यातकों की रिफंड क्लेम की जो फाइलें स्टेट से आई थीं उनमें सर्कुलर के मुताबिक कागज पूरे नहीं थे। इसलिए सात सितंबर को इन्हें स्टेट को वापस कर कागज पूरे करने के लिए कहा गया था। 25 सितंबर को स्टेट से कागज पूरे होकर यह फाइलें पहुंची हैं। तीन दिन के भीतर शुक्रवार को इनके चालान बनाकर आईजीएसटी व सीजीएसटी भुगतान के लिए भेज दिए गए हैं। निर्यातकों को आश्वासन दिया गया है कि भविष्य में स्टेट से फाइलें यदि सर्कुलर के मुताबिक पूरे पेपर्स के साथ मिलती हैं तो तीन दिन के भीतर उनके चालान ट्रेजरी को भेज दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि निर्यातकों की लंबित फाइलों को निपटाने के लिए कस्टम आफिस शनिवार को अवकाश में भी खुलेगा।