पिछले कुछ समय से चल रही मौसम की उठापटक अभी भी जारी है। बुधवार को बारिश के बाद गुरुवार को दिनभर धूप और उमस ने परेशान किया। हालांकि शाम होते-होते बादलों ने राहत दी और बूंदाबांदी शुरू हुई। दिनभर रही गर्मी से तापमान में वृद्घि दर्ज की गई। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार आगामी दिनों में बादलों के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
बुधवार को दोपहर में 2.4 मिली मीटर बारिश हुई थी। इससे तापमान में कमी आई थी, लेकिन रात में मौसम साफ होने के कारण न्यूनतम तापमान में .4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो गई। सुबह से ही आसमान में धूप खिलने लगी। समय बीतने के साथ वातावरण में उमस बढ़ गई। शाम में आसमान में बादल छाने लगे और रात करीब आठ बजे आधे शहर में बूंदाबांदी हुई। राजकीय इंटर कालेज के मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी निसार अहमद अंसारी ने बताया कि अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को नमी में कमी आई। सुबह की आर्द्रता 78 फीसदी और शाम 70 फीसदी दर्ज की गई।