धीमी गति से ही सही, लेकिन अब मानसून मुरादाबाद में भी सक्रिय हो गया है। रविवार को दूसरे दिन भी रिमझिम बारिश होने से लोगों को तपती धूप से राहत मिली। हालांकि पूर्वी हवा होने की वजह से अभी भी उमस बरकरार है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि एक-दो दिन और बारिश होने के बाद उमस से भी सुकून मिलेगा।
शनिवार को आधे शहर ने बारिश का इंतजार किया था। रात गर्म होने के बाद रविवार सुबह से ही उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। आसमान में बादल छाए रहने से सूरज की किरणों से निजात मिलती रही। दोपहर करीब पौने दो बजे मानसूनी बादलों ने चिपचिपाती गर्मी से राहत देते हुए रिमझिम बारिश की। हालांकि यह बारिश भी आधे शहर में ही हुई। इसकी वजह से सुबह से आसमान की ओर टकटकी लगाकर बारिश होने की उम्मीद में बैठे लोगों में मायूसी छा गई।
पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि पूर्वी हवा बहने से मानसून सक्रिय है और लगातार बादल छाए रहेंगे, लेकिन हवा की गति धीमी होने की वजह से यह अपेक्षाकृत कमजोर है। स्थानीय प्रभाव की वजह से कहीं-कहीं बारिश और सूखा की स्थिति हो जाती होती है। वनों की कटान, वाहनों की संख्या, सड़क निर्माण आदि सभी चीजों के योगदान से वातावरण प्रभावित हो जाता है। अगले सोमवार को मध्यम बारिश के संभावना बन रही है।
आगामी दिनों तक मौसम की संभावना
तारीख न्यूनतम अधिकतम मौसम
दो जुलाई 25 32 मध्यम बारिश
तीन जुलाई 25 31 हल्की बारिश
चार जुलाई 26 34 हल्की बारिश
पांच जुलाई 26 34 हल्की बारिश
छह जुलाई 27 35 बादल
सात जुलाई 27 36 बादल