बिलारी। प्रथमा बैंक बिलारी नगर के शाखा प्रबंधक डीके सिंह ने बताया कि बैंक शाखा में आग लगने की घटना के दौरान जो बैंक का कंट्रोलिंग सिस्टम जला है उस सिस्टम को ठीक करने में चार दिन का समय लग सकता है। सिस्टम दुरुस्त हुए बिना बैंक शाखा से कोई लेनदेन किया जाना संभव नहीं है। चार दिन बाद ही बैंक की व्यवस्थाएं दुरुस्त होने की उम्मीद है। शाखा प्रबंधक के मुताबिक आपातकालीन लेनदेन करने वाले ग्राहकों के लिए पड़ोस की सहसपुर और ढकिया नरू प्रथमा बैंक शाखाओं से लेनदेन कराने की व्यवस्था की जा रही है।