जूनियर इंडिया कैंप में शहर का फराज
- 2020 के लिए चुनी गई है कोर ग्रुप की टीम
- देशभर से चुने गए 33 खिलाड़ियों में शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
कंक्रीट और धूल भरे जीआईसी ग्राउंड से निकले के शहर के युवा हाकी खिलाड़ी मो. फराज ने टर्फ के मैदान पर लंबी छलांग लगाई है। फराज का चयन जूनियर हाकी इंडिया कैंप में हुआ। वह जूनियर वर्र्ल्ड कप 2020 के लिए चुनी गई कोर ग्रुप की टीम के सदस्य हैं। देशभर से चुने गए 33 हाकी खिलाड़ियों में उनका भी नाम शामिल है। सोमवार से बैंगलोर में महीनेभर का कैंप लगेगा।
अप्रैल में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जूनियर हाकी नेशनल का आयोजन किया गया था। टूर्नामेंट में देश के सभी राज्यों की टीमें ने हिस्सा लिया था। टूर्नामेंट में मुरादाबाद के मो. फराज ने यूपी टीम का प्रतिनिधित्व किया। जबकि सुमित चौहान और विशेष पाल उत्तराखंड टीम के हिस्सा बने। टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले मो. फराज सहित देशभर के साठ खिलाड़ियों को कैंप के लिए बैंगलोर बुलाया गया था। लेकिन कैंप में 53 खिलाड़ी पहुंचे। ये कैंप पांच हफ्ते चला। इस कैंप से 33 खिलाड़ियों का चयन कोर ग्रुप की टीम के लिए किया गया है। कोर ग्रुप की टीम में मो. फराज का भी चयन किया गया है। इस कोर ग्रुप से ही वर्ष 2020 में होने वाले जूनियर वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ी चुने जाएंगे। फराज के जूनियर इंडिया कैंप में चुने जाने पर हाकी एसोसिएशन के प्रेसीडेंट नदीम खान, मो. इकबाल, राहत खान, सैयद अफजाल अली, शाने आलम, कौसर खान, मो. अजीम, वीके श्रोतिया, मो. अहमद खान, हरीस खान, अमान अली, अमीर हुसैन ने बधाई दी है।
मो. फराज की उपलब्धि
- वर्ष 2012 में सब जूनियर नेशनल
- वर्ष 2014 में स्कूल सब जूनियर नेशनल
- वर्ष 2015 में जूनियर नेशनल
- वर्ष 2016 में जूनियर एशिया कप कैंप
- वर्ष 2016 में जूनियर नेशनल
- वर्ष 2017 में सब जूनियर नेशनल
ड्रैक स्पेशलिस्ट हैं फराज
मुरादाबाद। ग्राउंड में मो. फराज फुल बैक की पोजिशन पर खेलते हैं। वह पेनाल्टी कार्नर में ड्रैक स्पेशलिस्ट हैं। इसके दम पर ही उनका चयन देशभर के 33 खिलाड़ियों में हुआ है।