मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को महानगर में होंगे। सर्किट हाउस में कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं पर बैठकों के बीच औचक निरीक्षण की संभावना को देखते हुए अफसरों ने दिल्ली हाईवे, जिला अस्पताल चौराहा समेत कई स्पॉट चमका दिए। गड्ढों को भरा गया। पानी की लीकेज ठीक की गई। डिवाइडर और फुटपाथ की रंगाई पुताई की गई। इन व्यवस्थाओं को देखकर लोग कहते सुने गए कि माननीय आते रहें तो शहर सुंदर दिखता रहे।
चौराहा पर फुटपाथ की मरम्मत, रंगाई हुई
जिला अस्पताल चौराहा पर फुटपाथ की मरम्मत, रंगाई पुताई के काम हो रहे थे। बस का इंतजार करने वाले शेड की पुताई भी हो गई। जिला अस्पताल की बाउंड्री से लगी ग्रीन बेल्ट की साफ सफाई की जा रही थी।
गड्ढों को भरवाया, साफ कराया
महाराणा प्रताप चौक पर गड्ढों को भरते हुए मजदूर मिले। बेरिकेटिंग को लगाकर यातायात पुलिस पहले से अधिक मुस्तैद थी। रोड साइड से मिट्टी भी उठाने के लिए मजदूर लगाए गए थे। चौराहा को साफ कराया गया था।
डिवाइडर बनाने में जुटे मजदूर
स्टेशन रोड के डिवाइडर को बनाने और रंगाई-पुताई का काम तेजी से कराया जा रहा था। यहां सीवर की सफाई भी कराई जा रही थी। दिल्ली हाईवे के गड्ढों को भी भरवाया गया था। गड्ढे भरवाने का काम एक रात पहले ही पूरा किया गया।