मुरादाबाद। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में नए शैक्षिक सत्र में स्नातक स्तर के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अब महाविद्यालयों को मेरिट सूची जारी कर प्रवेश शुरू करने हैं। कालेजों में अभी तक सवर्ण आरक्षण के तहत दस फीसदी सीटों की बढ़ोतरी का आदेश न मिलने की वजह से कालेज प्रशासन असमंजस में फंसा है। प्राचार्यों के अनुसार विवि अधिकारियों के आदेश का इंतजार किया जा रहा है।
नए सत्र के लिए आठ अप्रैल से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई थी। सीटों के बराबर पंजीकरण न होने से कई बार तारीखों में बढ़ोतरी की गई थी। करीब ढ़ाई महीने चली प्रक्रिया 22 जून को रुक गई है। अब कालेजों में मेरिट बनाने की तैयारी की जा रही है। प्राचार्य केजीके कालेज डॉ. एसडी द्विवेदी ने बताया कि 29 जून को मेरिट सूची बनाने के बाद प्रवेश शुरू कर दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय में फोन और ईमेल के माध्यम से सवर्ण आरक्षण को आवंटित होने वाली सीटों की जानकारी ली जा रही है। वहां से आदेश मिलने के बाद इसे लागू किया जाएगा। प्राचार्य हिंदू कालेज डॉ. केसी गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से लिखित रूप में अभी तक दस फीसदी सीट बढ़ोतरी का आदेश नहीं मिला है। इसलिए पुरानी प्रक्रिया के आधार पर ही मेरिट सूची बनवाई जा रही है। 28 जून तक सूची जारी कर प्रवेश शुरू किए जाएंगे। बाद में यदि आदेश मिलता है तो उसकी व्यवस्था कर दी जाएगी। प्रभारी प्राचार्य एमएच कालेज डॉ. नरेंद्र सिंह का कहना है कि 440 सीट पर 550 पंजीकरण फार्म आए थे। 55 फीसदी प्राप्तांक तक वाले करीब 150 विद्यार्थियों के प्रवेश हो चुके हैं।
इनसेट...
कालेज संकाय सीट चेक इन (कालेज से सत्यापित)
हिंदू कालेज बीए 1460 30995
बीकॉम 960 1439
बीएससी बायो 560 920
बीएससी गणित 960 1042
केजीके कालेज बीए 1040 2373
बीकॉम 240 246
बीएससी बायो 160 228
बीएससी गणित 640 287
एलएलबी 300 1418