मुरादाबाद। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के लिए शिक्षक चयन की परीक्षा सोमवार को चित्रगुप्त इंटर कालेज में कड़ी चौकसी के बीच होगी। विभागीय स्तर पर परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले में 110 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का जुलाई से संचालन होगा। अंग्रेजी स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए सोमवार को चित्रगुप्त इंटर कालेज में दोपहर ढाई बजे से परीक्षा होगी। परीक्षा में परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 1024 शिक्षक शामिल होंगे। परीक्षा पास करने वाले शिक्षकों की मौखिक परीक्षा भी होगी। इसके बाद ही अंग्रेजी स्कूलों में उनकी तैनाती होगी। बीएसए योगेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा सीसी कैमरों की निगरानी में होगी। बिना प्रवेश पत्र परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के दस मिनट बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। चार बजे परीक्षा संपन्न होने के बाद नोडल अधिकारी नगेंद्र कुमार की देखरेख में उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखा जाएगा। नोडल अधिकारी भी परीक्षा शुरू होने से पहले कक्षों का निरीक्षण करेंगे।