मुरादाबाद। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए शनिवार को जन जागरूकता रैली निकाली गई। सीएमओ डा. विनीता अग्निहोत्री ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि रविवार, 23 जून को 1992 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
जागरूकता रैली सीएमओ कार्यालय से टाउन हॉल तक पहुंची। सीएमओ ने कहा कि 23 जून को 1992 पोलियो बूथ लगाए जाएंगे। 524 सुपरवाइजर बूथों की निगरानी करेंगे। बूथों पर 549725 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक घर घर जाकर बूथ दिवस से छूटे बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 1314 टीमें बनाई गई हैं। 524 पर्यवेक्षक घर-घर जाने वाली टीमों की निगरानी करेंगे। अभियान में 236 ट्रांजिट बूथ और 46 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रशासन डा. दिनेश कुमार प्रेमी ने बताया कि सोशल मोबिलाइजेशन की टीमें बूथ कवरेज बढ़ाने के लिए मंदिर और मस्जिदों से एनाउंसमेंट कराएगी। क्षेत्र के प्रभावशाली व्यक्तियों की मदद से बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी। रैली में यूनिसेफ , विश्व स्वास्थ्य संगठन, कोर पीसीआई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा स्वयंसेवक, आशा और आंगनबाड़ी वर्कर मौजूद रहे।