मुरादाबाद। कांशीराम नगर के सी ब्लॉक में पानी की मुख्य लाइन फट गई। जलकल विभाग के इंजीनियरों के मुताबिक यहां लाइन जर्जर होने की वजह से टूटी थी। दोपहर में लीकेज होने के बाद शाम को नलकूप चलने पर सड़क पर पानी भरने लगा। सी ब्लॉक के घरों में प्रेशर नहीं मिला। नतीजा यह हुआ कि मोटर चलाने के बावजूद पानी की आपूर्ति ठीक से नहीं हो सकी। जलकल विभाग के लोगों ने देर शाम यहां मरम्मत के काम को पूरा करा लिया।
अपनी उम्र पूरी कर चुकी जर्जर पानी की लाइनें गर्मी में टूट रही है। इसकी वजह से कई एरिया में पानी की किल्लत पैदा हो रही है। ऐसा ही, वार्ड 37 के ढक्का मेें कृषि विभाग के पास भी मुख्य लाइन टूटने से रिसाव शुरू हुआ था। लोगों ने जलकल विभाग के कंट्रोल रूम में शिकायत की। यहां मरम्मत कराने में करीब तीन घंटे का समय लगा।
लाइन टूटने से पहुंचा गंदा पानी
पानी के पाइप टूटने से कई एरिया में गंदा पानी भी पहुंचा। चंद्रनगर में टॉवर के पास वाली गली में पानी की लाइन में लीकेज हो गई। कोठीवॉलनगर में गीता देवी के मकान के पास भी पानी की लाइन में टूटफूट हुई थी। वार्ड 40 नवाबपुरा में भी पानी के पाइप में लीकेज हो गई थी। इससे दर्जनों घरों में गंदा पानी पहुंचा।