मुरादाबाद। क्रिकेट विश्वकप में जैसे ही भारत ने पाकिस्तान को परास्त किया, क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे। रोमांच से लग रहा था मानों फाइनल से पहले ही उन्होंने ट्राफी पर कब्जा कर लिया हो। क्रिकेट प्रेमी लंबे समय से भारत-पाकिस्तान के मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। ऐसे में जब उन्हें रविवार का अवकाश मिला तो उनका आनंद दोगुना हो गया। दोपहर तीन बजे जैसे ही मैच शुरू हुआ, सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। लोग परिजनों संग घरों पर टीवी के सामने बैठ गए। कई बार बारिश ने मैच में खलल डाला, लेकिन देर रात भारत की जीत पर इंतजार खत्म हुआ। मैच के लिए प्रशंसकों में उत्साह और जुनून छाया हुआ था।
पहले जब भारत बल्लेबाजी करने उतरा तो दर्शक उत्साहित हो गए। घरों के अलावा दुकानों, कार्यालयों पर लोगों ने सामूहिक रूप से मैच का आनंद लिया। कोल ड्रिंक के साथ पिज्जा, चिप्स का खूब स्वाद लिया। सोनकपुर स्टेडियम में सामूहिक रूप से मैच देखने की व्यवस्था की गई थी। क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना, क्रिकेटर शिवा सिंह के अलावा प्रशिक्षक और खिलाड़ियों ने मैच देखा। बुध बाजार, लाल मस्जिद के पास सभी ने साथ मिलकर मैच देखा। जैसे ही खिलाड़ी चौके-छक्के लगाते तो उत्साहित होकर तालियों के साथ सीटियां बजाने लगते। रोहित शर्मा से उन्हें दोहरे शतक की उम्मीदें लगने लगी थी, लेकिन जब वह आउट हुए तो मायूसी छा गई। बीच में बारिश की खलल ने भी दर्शकों की बेचैनी बढ़ाई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही मैच शुरू हो जाने से एक बार फिर उत्साह छा गया। शाम को घरों में खाना भी जल्दी-जल्दी बनाया गया और टीवी के सामने बैठकर ही सबने खाना खाया। एक-एक गेंद और रन के साथ प्रशंसकों के चेहरे के हावभाव भी बदल रहे थे। भारतीय टीम की जीत ने उन्हें खुशियों का तोहफा दे दिया।