मुरादाबाद। बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं होने से शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी ठप रही। अधिकतर नलकूपों का संचालन बंद रहा। बिजली नहीं होने से लोग घरों में बोरिंग का पानी भी नहीं खींच पाए। कई लोगों ने निजी आपरेटरों से पानी के टैंकर मंगवाकर काम चलाया।
गुरुवार रात आंधी तूफान से शहर में कई इलाकों में बिजली के खंभे और तारें टूट गए। कई जगहों पर लाइनों पर पेड़ भी गिरे हैं। बिजली गुल होने से लोगों को भीषण गर्मी के साथ पेयजल के लिए जूझना पड़ा। नगर निगम के जलकल विभाग के नलकूप ठप रहे। नलकूपों से ही शहर में पेयजल आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार को कोठीवालनगर, बरबलान, गलशहीद, लाइनपार, दौलतबाग, लालबाग, जिगर कालोनी और दीवान का बाजार समेत अधिकतर इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। पानी नहीं मिलने से लोग परेशान रहे। लाइनपार निवासी महेश शर्मा ने बताया कि बिजली गुल होने से घरों में टुल्लू पंप भी नहीं चला पाए। जिससे पानी का संकट अधिक झेलना पड़ा। जलकल विभाग के मुताबिक शनिवार तक अधिकतर इलाकों में आपूर्ति बहाल हो जाएगी।