मुरादाबाद। तिलहर और बेहम गोकुल स्टेशनों के पास दो घटनाओं में साधारण एक्सप्रेस और श्रमजीवी के इंजन से पशु टकराए। दोनों ही हादसों में एक मालगाड़ी और दुर्गियाना एक्सप्रेस को पीछे के स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
गाड़ी संख्या 13257 साधारण एक्सप्रेस के लोको पायलट ने रविवार सुबह 5:05 बजे बड़ौदा हाउस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि तिलहर में किमी संख्या 1255/29-31 के बीच इंजन से पशु टकराया है। ट्रेन को 15 मिनट के लिए ट्रैक पर ही खड़ा रखा गया। पीछे से आने वाली मालगाड़ी को भी पीछे रोकना पड़ा। ट्रैक से पशु के अवशेष को हटाया गया। इसके बाद दोनों ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। लेकिन रेलवे पटरी को पूरी तरह से 6:30 बजे तक साफ किया जा सका।
श्रमजीवी एक्सप्रेस 12391 के लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को जानकारी दी। बेहम गोकुल और कोड़ा स्टेशनों के बीच उसके इंजन से पशु टकराया है। यह हादसा रविवार सुबह 6:18 बजे हुआ। इसकी वजह से दुर्गियाना एक्सप्रेस 12357 को भी पीछे रोकना पड़ा। यहां भी पशु के अवशेष हटवाने के बाद ट्रैक को ट्रेन संचालन लायक बनाया गया।