मुरादाबाद। विश्वकप का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। 30 मई से 46 दिन का क्रिकेट का त्योहार शुरू होने वाला है। इसके लिए स्थानीय स्तर के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने अपने अभ्यास के साथ-साथ क्रिकेट के मैच देखने की भी योजना बनाई है। वहीं, क्रीड़ा अधिकारी भी खिलाड़ियों को सोनकपुर स्टेडियम में मैच दिखाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
भारतीय टीम का पहला मैच पांच जून को है। क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि पूरी उम्मीद है कि भारतीय टीम फाइनल तक पहुंचेगी। इसलिए क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल के मुकाबलों में स्क्रीन लगवाई जाएगी, ताकि सभी खिलाड़ी उसी क्रिकेट मैदान में एक साथ बैठकर मैच का लुत्फ ले सकें। जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति से स्क्रीन की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी से अनुमति ली जाएगी।
आस्ट्रेलिया कड़ी प्रतिद्वंदी है। पूरा भरोसा है कि भारतीय टीम विश्वकप की ट्राफी घर लेकर आएगी। भुवनेश्वर कुमार और विराट कोहली से बहुत उम्मीद हैं। भुवनेश्वर कुमार को शुरू से ही फॉलो करता हूं। मेरा व्यवहार भी उनकी तरह व्यवहार है।
शुभम कुमार झा, क्रिकेटर।
भारतीय टीम में एमएस धोनी और विराट कोहली पसंद हैं। विराट कोहली की तरह हेयर कटिंग कराई है। भारतीय टीम के मैच वाले दिन पूरा समय टीवी पर क्रिकेट देखना है।
जसविंदर, क्रिकेटर।