चंदौसी। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) शाखा चंदौसी की बैठक में पुरानी पेंशन बहाली, सातवें वेतनमान के तहत भत्ते देने आदि विभिन्न मांगों पर चर्चा करते हुए कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन चंदौसी की ब्रांच काउंसिल की बैठक में मंडलाध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों को अभी तक सातवें वेतनमान का लाभ नहीं मिल रहा है। रेलवे के निजीकरण की योजना तैयार की जा रही है, जिसका डटकर विरोध किया जाएगा।
एनपीएस की भी समस्या है। पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाना चाहिए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। गेटमैनों से अभी 12 घंटे की ड्यूटी ली जा रही है, जबकि नियमानुसार उनकी ड्यूटी भी आठ घंटे की जानी चाहिए।
रेलवे क्वार्टर की देखरेख नहीं की जा रही है, जिससे रेलवे क्वार्टर की स्थिति लगातार दयनीय होती जा रही है। इन सभी मांगों को लेकर शीघ्र ही आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। अपनी बात को अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।