बहजोई। रेल की पटरी के किनारे अनाधिकृत बनीं झुग्गियों पर रेलवे की जेसीबी चली। करीब डेढ़ घंटे की कार्रवाई के दौरान रेलवे परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। इस बीच रेलवे अधिकारी समेत स्थानीय पुलिस व आरपीएफ के जवान मौजूद रहे।
मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे करीब रेल अधिकारी स्थानीय पुलिस व आरपीएफ के जवानों को साथ लेकर पुराना बाजार संभल रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर पहुंचे। जेसीबी भी साथ थी। इसके बाद जेसीबी की मदद से रेल पटरी के किनारे रेलवे परिसर में बनीं अनाधिकृत झुग्गियों को हटाया गया।
चबूतरे व छज्जे आदि तोड़े गए। साथ ही रेलवे परिसर की हद में दोबारा अतिक्रमण न किए जाने की चेतावनी दी गई। इस बीच महिला व बच्चों की भीड़ रही। रेल अधिकारी आईओडब्ल्यू दिनेश कुमार ने बताया कि रेलवे परिसर में कुछ लोगों ने अनाधिकृत तरीके से झुग्गियां व चबूतरे आदि बना लिए थे।
दीपावली से पहले अतिक्रमण करने वाले लोगों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था। लोगों से नोटिस पर हस्ताक्षर भी कराए गए थे। इस पर अतिक्रमण करने वाले लोगों ने अतिक्रमण हटाए जाने के लिए दीपावली तक का समय मांगा था।
अब दीपावली के त्योहार के बाद भी लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इस पर अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान शांति व्यवस्था के लिए सिटी इंचार्ज मोहित कुमार मय पुलिस टीम के मौके पर मौजूद रहे। आरपीएफ के जवानों की भी मौजूदगी रही।
पी-02 व 03