चंदौसी। नगर पालिका परिषद चंदौसी में चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के बीच चल रही रॉर खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी ने चेयरमैन को बाईपास करते हुए सभासदों की बैठक बुलाई जिसके एजेंडे में सांसद और विधायक का नाम तो था लेकिन पालिकाध्यक्ष को बुलाया ही नहीं गया। हालांकि बैठक में कई सभासदों ने बिना पालिकाध्यक्ष के होने वाली बैठक का बहिष्कार कर दिया। जबकि ईओ समर्थक सभासद जमें रहे।
यूं तो जनमत से सुनी गई पालिकाध्यक्ष ही सभासदों की बैठक बुलाती हैं लेकिन शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी अमिता वरुण ने सभी सभासदों की बैठक बुलाई, जिसमें स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा -2018 पर चर्चा की। इस बैठक के लिए जो एजेंडा जारी किया गया, इसमें सभी पच्चीस सभासदों के साथ पदेन सदस्य सांसद सत्यपाल सैनी, विधायक गुलाब देवी के साथ साथ क्रमांक - 28 पर एक विधायक परवेज अली का भी नाम लिखा गया, जबकि इस नाम का क्षेत्र में कोई विधायक है ही नहीं लेकिन इस पूरे एजेंडे पालिकाध्यक्ष इंदूरानी का नाम कहीं नहीं लिखा गया। सभासद पहुंच भी गए लेकिन जब चेयरमैन नहीं दिखीं तो सभासद मनोज कुमार माली, रागिनी शर्मा, अर्चित अग्रवाल, सुमित पाल, धारा सिंह, सतेंद्र यादव, अभिषेक शर्मा आदि ने बैठक का यह कहकर बहिष्कार कर दिया कि बिना चेयरमैन के बैठक करना बोर्ड का अपमान है। सभासदों में फूट डालने की राजनीति नहीं होने दी जाएगी। हालांकि रियाजुल हसन आदि अन्य सभासद बैठे रहे जिनके साथ ईओ ने बैठक करके स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा को लेकर विचारविमर्श किया।
-ईओ अमिता वरुण काम नहीं बल्कि राजनीति कर रही है, उन्हें राजनीति का इतना ही शौक है तो इस्तीफा देकर राजनीति करें। ऐसा इतिहास में कभी नहीं हुआ, सभी को बुलाया जाए और चेयरमैन को बताया ही न जाए। वह पालिका का माहौल खराब कर रही हैं। सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना चाहती है लेकिन ईओ सरकारी की मंशा में पलीता लगा रही हैं। -इंदूरानी, चेयरमैन नगर पालिका परिषद चंदौसी
यह अनौपचारिक बैठक थी, स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी, चेयरमैन के साथ पहले ही बैठक हो चुकी है, रही बात एजेंडे में विधायक का नाम गलत लिखने की तो वह भूलवश लिख गया है। बैठक विकास कार्यों को गति देने के लिए ही बुलाई गई है, क्योंकि सभासदों का ही कहना था कि चेयरमैन तो बैठक करती नहीं, कम से कम आप ही बैठक करके जनसमस्याएं सुने और उनका निराकरण कराएं।
अमिता वरुण, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद चंदौसी।
----------------------------------------
फोटो-