बहजोई। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
मंगलवार को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि किसानों को दिए जाने वाले नलकूप कनेक्शन में धांधली की जा रही है। विभागीय कर्मचारी व दलालों की सांठगांठ से किसानों को लूटा जा रहा है। मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए। जिले की तीनों शुगर मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपयों का बकाया गन्ना भुगतान है। मझावली स्थित वीनस शुगर मिल पर सबसे अधिक बकाया है। किसानों के आंदोलन के बाद मिल प्रशासन ने तीन किस्तों में किसानों के बकाया भुगतान का वायदा किया था, लेकिन अब मिलें बकाया भुगतान नहीं कर रहीं है। शीघ्र किसानों का बकाया गन्ना भुगतान दिलाए जाए। वर्तमान पेराई सत्र के लिए लागत को आधार मानकर स्वामीनाथन फार्मूले के मुताबिक गन्ने की दर पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल तक की जाए। जिले में स्थापित धान केंद्रों पर हुई धान खरीद की जांच की जाए। चकबंदी विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाए। ज्ञापन में नरेश पाल, विजेंद्र सिंह, अमर सिंह, रामाशंकर शर्मा हनुमान, सुगड़ पाल व सवोश कुमार आदि के नाम हैं।