चंदौसी। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष इंदूरानी मंगलवार को पालिका कार्यालय पहुंची तो वहां अधिशासी अधिकारी समेत कई कर्मचारी नदारद मिले। ईओ का बाहर जाने या अवकाश का कोई प्रार्थना पत्र भी नहीं मिला जिससे स्वच्छ वातावरण प्रतिस्पर्धा का कार्य अभी सुचारु रूप से नहीं चल पाया है।
पालिकाध्यक्ष इंदूरानी मंगलवार की सुबह पालिका कार्यालय पहुंचीं। उन्हें स्वच्छ वातावरण वार्ड प्रतिस्पर्धा कार्यक्रम पर ईओ से बातचीत करनी थी लेकिन ईओ बिना बताए ही पालिका कार्यालय से नदारद थीं। उनका कोई बाहर जाने का या अवकाश का अभिलेख भी मौजूद नहीं था। इस पर बातचीत नहीं हो सकी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पालिका को स्वच्छ वातावरण प्रतियोगिता में अच्छे अंक प्राप्त हो सके, इसके लिए प्रयास किया जाना है लेकिन ईओ गैरजिम्मेदार तरीके से बिना बताए ही नदारद हैं। उन्होेंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह लोगों की समस्याओं का समाधान भी नहीं हो पा रहा है। यदि कहीं जाना था तो किसी अन्य अधिकारी को कार्यवाहक के तौर पर चार्ज देकर जाना चाहिए था। इस मौके पर कई सभासद भी मौजूद थे, जिनकी समस्याओं को सुना गया। इस मौके पर हेमेश सूरी, अनिल कुमार, रागिनी शर्मा, सुमित पाल, मनोज कुमार, हरीश, केके अग्रवाल, अनुज कुमार सिंह, हिना गोयल, प्रदीप कुमार आदि थे। इधर, ईओ अमिता वरुण ने बताया कि वह आरटीआई के मामले में ऑन ड्यूटी लखनऊ गई हैं, जब वह व्यक्गित छुट्टी लेकर जातीं, तभी अध्यक्ष को सूचना देना आवश्यक होता।