चंदौसी।नगर पालिका परिषद ने तो आउट सोर्सिंग के सौ कर्मचारियों को रुका हुआ मानदेय जारी कर दिया लेकिन विद्युत विभाग के संविदा कर्मियों की दिवाली फीकी रहेगी। दिवाली से पहले मानदेय पाने के लिए दिनभर भाग दौड़ की लेकिन किसी अधिकारी ने उनकी बात को सुना नहीं।
विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारी को अप्रैल से अक्तूबर तक सिर्फ दो माह का ही मानदेय मिल सका है। अभी पांच महीने का मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक तंगी है। बताते हैं कि संविदा कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों से लेकर जिलाधिकारी तक सभी से मानदेय दिलाने की गुहार लगाई। संबंधित विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की सांठगांठ के कारण कर्मचारियों को दिवाली से पहले मानदेय नहीं मिल सका। संविदा कर्मी मंगलवार को सुबह अपनी मांगों को लेकर अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां नहीं मिले। इसके बाद अधीक्षण अभियंता से जाकर मिले लेकिन उन्होंने इस मामले से कोई लेना देना होने से साफ इनकार कर दिया जिससे अब संविदा कर्मियों को दिवाली से पहले मानदेय नहीं मिल पाएगा। इससे उनकी दिवाली फीकी रह सकती है। इधर, पालिकाध्यक्ष इंदूरानी ने बताया कि नगर पालिका परिषद के आउटसोर्सिंग के सौ कर्मचारियों को अक्तूबर तक तक पारिश्रमिक मंगलवार को जारी कर दिया गया है, जो उनके खातों में पहुंच गया है।
-------------------------------------