जुनावई/चंदौसी। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की रात को मजदूरी कर घर लौट रहे अधेड़ को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों में घटना से कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीन महीने पहले ही उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। अब छह बच्चों के सिर से मां और बाप का साया उठ गया है।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के दुबारी कलां गांव निवासी ताराचंद उर्फ रामचंद्र पाली (45) मजदूरी कर घर परिवार का पालन पोषण करता था। बुधवार को भी वह गुन्नौर थाना क्षेत्र के खेरिया रूद्र गांव में भवन की पुताई करने गया था। देर रात को घर लौटते समय हाईवे पर धनीपुर साप्ताहिक बाजार के सामने किसी अज्ञात वाहन ने ताराचंद को कुचल दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। देर रात तक जब ताराचंद घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन वह नहीं मिला तो थक हार कर घर जाकर सो गए। ताराचंद का शव रातभर रास्ते में पड़ा रहा लेकिन सुबह को धनीपुर के एक व्यक्ति ने दुबारी कलां के प्रधान को सूचना देकर बताया कि ताराचंद की दुर्घटना में मौत हो गई है तो उसके घर में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल ही घटनास्थल की ओर रवाना होे गए। ताराचंद का शव सड़क के किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर गुन्नौर के कोतवाल अता मुहम्मद एवं जुनावई चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार भी मौके पर पहुंचे। मृतक के भतीजे नंद किशोर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जुनावई चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया मृतक के हाथ-पैर अकडे़ हैं। इससे लगता है कि घटना रात को ही किसी समय की है।
वह मेहनत मजदूरी कर घर परिवार को चलाता था। तीन माह पहले ही पत्नी ओमवती देवी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सिर्फ तीन महीने में ही बच्चों के सिर से मां बाप दोनों का ही साया उठ गया। परिवार में 17 वर्षीय बेटे गोविंद ,16 वर्षीय बेटे सुनील, 12 वर्षीय बेटे लालू, छह साल की बेटी संगीता, चार साल की खुशबू, दो वर्षीय बेटी चंचल है।