चंदौसी। शारदीय नवरात्र आते ही फलों में तेजी आ गई है। मौसम का लगभग सभी फल महंगे हो गए हैं। फलों की मांग ज्यादा होने की वजह से महंगे हो गए हैं।
नवरात्र पर वैसे तो कई चीजों पर महंगाई आ जाती है। जैसे मेवा, कोटू का आटा, सिंघाड़े का आटा आदि महंगे हो जाते हैं। साथ ही मौसमी फल भी नवरात्र पर महंगे हो जाते हैं। क्योंकि व्रत में फलाहार में लोग फल आदि लेना अधिक पसंद करते है जिससे फलों की मांग इस समय बढ़ जाती है। यही कारण अचानक फलों के भाव बढ़ गए हैं। मौसम का प्रत्येक फल फुटकर में दस रुपये किलों मंहगा हो गया है।
इसके बाद भी फलों की खासी खपत हो रही है। इस समय मंडी में सेब के चार से पांच ट्रक उतर रहे है। यही हाल केले का है, रोजाना आठ से दस ट्रक की खपत चंदौसी व आसपास हो रही है। हालांकि व्यापारी केला कच्चा मंगाकर इसको गोदाम में रखकर पकाता है। इस समय केले के फुटकर रेट 30 से बढ़कर 40 रुपये दर्जन हो गए है। जबकि सेब व अनार 60 से 80 तथा पपीता 20 रुपये से बढ़कर 30 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। व्यापारियों के अनुसार नवरात्र तक फलों के दाम यही रहेंगे। ऐसा ही हाल आलू का है, क्योंकि नवरात्र के व्रत में आलू की मांग अचानक बढ़ जाती है। आलू पहले से ही महंगा था, अब और महंगा हो गया है। इसके दाम फुटकर में 20 रुपये से बढ़कर 25 और 30 रुपये किलोग्राम हो गए हैं।