चंदौसी। अपराधों की वृद्धि में एक बड़ा कारण भूमि विवाद है। गांवों में अक्सर मारपीट से लेकर हत्याओं तक के पीछे भूमि विवाद पाया जाता है। इसलिए इन मामलों को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए बहजोई थाना संपूर्ण समाधान दिवस में हर थाने पर भूमि विवाद रजिस्टर तैयार करने, इसके लिए तीन-तीन पुलिस कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह की अध्यक्षता में बहजोई में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लेखपालों को निर्देशित किया कि थाना संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। हर थाने पर भूमि विवाद का एक रजिस्टर बनाया जाए। सभी गांवों के भूमि विवादों का रजिस्टर मे अंकित होना अनिवार्य है। अगले थाना दिवस में यदि भूमि विवाद रजिस्टर नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी। हर थाने पर भूमि विवाद की शिकायतों के निस्तारण कराने के लिए तीन-तीन पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। यह लोग टीम बनाकर भूमि विवादों का निपटाएंगे।
चकबंदी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनका थाना संपूर्ण समाधान दिवस में आना अनिवार्य है। वोटर पुनर्निरीक्षण का कार्य चल रहा हैं। 13 अक्तूबर को एक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें महिला व दिव्यांग लोगों बीएलओ घर-घर जाकर वोट बनाएंगे और बीएलओ डुप्लीकेट वोट, मृतक वोटरों की जांच कर वोटों को निरस्त करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन लेखपालों की ड्यूटी नहीं लगाई है, उनकी ड्यूटी भी लगाई जाएगी। विशेष तिथियों में इस अभियान को सफल बनाया जा सके। कहीं पर भी फार्म शून्य नहीं दिखना चाहिए। जो ऐसा कार्य करेंगे, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।