कांठ। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य साध्वी गीता प्रधान नगर पंचायत कार्यालय पहुंची। जहां उन्होंने सफाई कर्मचारियों और दलित समाज के लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने इस मौके पर कहा कि किसी भी कर्मचारी उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन को दिशा निर्देश भी दिए।
शनिवार को साध्वी गीता अचानक कांठ नगर पंचायत कार्यालय पहुंची। जहां उनका महिलाओं ने उनका फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। सभा हाल में उन्होंने समीक्षा के दौरान नगर पंचायत के सफाई कर्मियों और सफाई नायकों से उनकी समस्याओं और मांगों के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर सफाई कर्मियों ने नगर के सीमा विस्तार के बाद क्षेत्र बढ़ने से आ रही समस्याओं को बताते हुए नगर में सम्मलित हुई ग्रामीण आबादियों में स्टाफ बढ़ाए जाने, संविदा व ठेका सफाई कर्मियों को स्थाई करने, सातवें वेतन आयोग का लाभ दिलाने, गर्मियों में ठंडी और सर्दियों में गर्म ड्रेस दिलाए जाने, मानकों के हिसाब से नगर पंचायत कार्यालय में स्टाफ की नियुक्ति आदि मांगों को आयोग सदस्या के समक्ष रखा और प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर सदस्या ने उन्हें आश्वासन दिया है। इसके बाद आयोग की सदस्य ने उप जिला मजिस्ट्रेट कांठ हिमांशु वर्मा और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सूर्यकांत से भी विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कर्मचारियों का उत्पीड़न न किया जाए। यदि शिकायत मिली तो वह एक्शन लिया जाएगा। इस मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक तेजवीर सिंह, लिपिक राजेंद्र सिंह, सुरजीत वाल्मीकि, अजय कुुमार वाल्मीकि आदि रहे।