गुन्नौर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने से क्षुब्ध होकर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में पंचायत की। फार्मेसिस्ट एसोसियेशन के जिला महामंत्री दीपक यादव ने कहा कि कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। इसके साथ साथ दो साल से बोनस, भत्ते और एरियर न मिलने से कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। फार्मेसिस्ट पवन कुमार का वेतन छह महीने से नहीं मिला है। ऐसे में कर्मचारियों को जीवनयापन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट आ गया है। चिकित्साधीक्षक ने भी अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। अपनी समस्या के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिलने के लिए कहा। कर्मचारियों ने कहा कि जल्दी ही हमारी मांगो को नहीं पूरा किया गया तो अस्पताल की आकस्मिक सेवा के अलावा और अन्य कार्य ठप कर दिए जाएंगे। इसमें संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद का भी सहयोग लिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में जसवंत सिंह, शशिधर यादव, भानु प्रकाश, महेश उपाध्यय, पंचम सिंह आदि मौजूद रहे।