बहजोई। आवंटित धनराशि से निर्मित पंचायत भवन को पूर्ण कराते हुए स्टीमेट व एमबी व फोटोग्राफ उपलब्ध न कराने को लेकर ग्राम विकास अधिकारी को पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि विकासखंड जुनावई की ग्राम पंचायत हिम्मतपुर में वर्ष 2017-18 में पंचायत भवन के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित की गई थी। इसके तहत संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को कई बार विभिन्न पत्र जारी कर पंचायत भवन का कार्य पूर्ण कराते हुए एमबी व फोटोग्राफ कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन अभी तक एमबी और फोटोग्राफ उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसको लेकर निदेशक पंचायती राज ने नाराजगी जाहिर की है। डीपीआरओ ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी रतन कुमार त्रिवेदी की ओर से वर्ष 2017-18 में तीन ग्राम पंचायतों की प्रिया सॉफ्ट पर वार्षिक पुस्तिका भी बंद नहीं कराई गई है। इससे जिले की स्थिति प्रदेश में खराब जिलों में है। उन्होंने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2016-17 व 2017-18 में अपनी ग्राम पंचायतों से धनराशि आहरित करने के बावजूद उपभोग प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इससे साफ होता है कि ग्राम विकास अधिकारी की ओर से धनराशि का गबन किया गया है। ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।