चंदौसी। शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के छात्र का शव चंदौसी में बाकरपुर भेंतरी रेलवे फाटक पर ट्रैक पर मिला। मृतक की जेब में आईडी कार्ड के साथ एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा था कि तुमने मुझे भुला दिया, तो अब मैं खुद को ही भुला दूंगा। बनियाठेर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
बनियाठेर क्षेत्र के बाकरपुर भेंतरी गांव के मंदिर के निकट रेलवे ट्रैक पर किशोर का शव देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना पर यूपी-100 के बाद बनियाठेर थानाध्यक्ष सहदेव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को ट्रैक से हटाकर कपड़ों की तलाशी ली गई तो जेब में एक इंटर कालेज का आईडी कार्ड निकला। आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की शिनाख्त विपिन सिंह (16) निवासी पहाड़पुर थाना गढ़िया रंगीन जिला शाहजहांपुर के रूप में की गई। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला। साथ ही शव के पास से जहर की एक शीशी भी मिली। आईडी कार्ड पर लिखे मोबाइल नंबर से परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। दोपहर बाद चंदौसी पहुंचे मृतक के फुफेरे भाई अर्जुन सिंह तोमर ने बताया कि शुक्रवार को विपिन सिंह सुबह 11 बजे घर से गांव पाटराबाद में मुहर्रम का जुलूस देखने के लिए जाने को कहकर निकला था। साथियों ने बताया कि वह किसी युवक की बाइक पर बैठकर गया था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार की सुबह साढ़े छह बजे बनियाठेर थाना पुलिस ने सूचना दी कि उसका शव चंदौसी में रेलवे ट्रैक पर मिला है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, थानाध्यक्ष बनियाठेर ने बताया कि मृतक की जेब से निकले सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं तुम्हें कभी नहीं छोड़ूंगा, लेकिन तुमने मुझे भुला दिया, इस कारण मैं खुद को ही भुला दूंगा। उन्होंने कहा इससे मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन गुमशुदगी गढ़िया रंगीन थाने में दर्ज है, इसलिए जांच भी उसी थाने से होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट गढ़िया रंगीन थाने भेज दी जाएगी।
डेढ़ सौ किमी कैसे आया
चंदौसी। छात्र ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई। यह विषय तो जांच का है, लेकिन यह बात किसी की भी समझ में नहीं आ रही कि जो किशोर पड़ोस के गांव में मुहर्रम का जुलूस देखने के लिए निकला था। वह गांव से करीब 150 किलोमीटर कैसे और क्यों आया। इन सभी सवालों के जवाब पुलिस के पास नहीं है।