पाकबड़ा (मुरादाबाद)।
पाकबड़ा में देर रात दिल्ली हाईवे किनारे खडे़ ट्रक से रोडवेज बस टकरा गई। हादसा रविवार देर रात चालक को झपकी लगने के कारण हुआ। सात सवारियां जख्मी हो गई। बस में सवार इंजीनियर श्यामवीर सिंह का पैर कट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस से सवारियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बस और ट्रक को पाकबड़ा पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपी बस चालक भागा हुआ है।
बरेली डिपो की रोडवेज बस रविवार देर रात दिल्ली की ओर जा रही थी। लोधीपुर राजपूत गांव के पास रोडवेज चालक अपना नियंत्रण बस पर से खो बैठा और बस रोड़ के किनारे खड़े ट्रक से जाकर टकरा गई। हादसे में पीलीभीत निवासी मौहम्मद इरशाद, शाहजहांपुर निवासी बस परिचालक अरेन्द्र कुमार सिंह, पीलीभीत निवासी अखलाख अहमद, बरेली निवासी तान्या शर्मा, पीलीभीत निवासी इम्तियाज, गाजियाबाद निवासी मैकेनिकल इंजीनियर श्यामवीर सिंह, सिविल लाइंस बदायूं निवासी आशीष कुमार घायल हो गये। सभी घायल अपने अपने परिजनों के साथ अपने घरों को लौट गये है। इरशाद हुसैन की हालत गंभीर है उसके टीएमयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
इंजीनियर के परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
मुरादाबाद। इंजीनियर श्यामवीर सिंह के परिवार वालों ने बताया कि हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। चालक ने नींद की झपकी आने के कारण बस को ट्रक से भिड़ा दिया। इसके बाद सवारियों को लहूलुहान हालत में छोड़कर वह भाग गया। श्यामवीर हादसे के वक्त बरेली से वापस गाजियाबाद लौट रहे थे। पुलिस ने उनको अस्पताल पहुंचाया, जिस कारण जान बच सकी। हादसे के बाद रोडवेज के अधिकारी भी श्यामवीर का हाल जानने के लिए नहीं पहुंचे। परिवार वालों का कहना है कि आरोपी पर कड़ी कार्रवाई हो।