चंदौसी। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव दियोरा खास में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में फूलडोल शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई।
प्रधानपति सीता राम सिंह की अगुवाई में शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की पालकी आगे आगे चल रही थी। डीजे पर राधा-कृष्ण, शंकर-पार्वती, कृष्ण-सुदामा की झांकियां नृत्य करते हुए चल रही थी। पीछे से श्री राधा-कृ ष्ण, बलराम, कंस दरबार, शंकर पार्वती, पूतना आदि अनेकों झांकियां शोभायात्रा में शामिल रही। भजन कीर्तन मंडली कीर्तन करते हुए चल रही थी। जगह-जगह ग्रामीणों ने अपने अपने मकानों पर शोभायात्रा में फूल वर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर बाद दो बजे शिव मंदिर एवं बगिया वाली देवी के मंदिर से विधि-विधान से पूजा अर्चना करने के बाद प्रारंभ हुई। गांव में मस्तराम बाबा की मढ़ी, मोहल्ला बड़ा कुआं, मोहल्ला देवीपुरा, मोहल्ला झुकईया वाला तथा दियोरा खास का मझरा मिलक में होते हुए गांव के सभी मुख्य मार्गों से निकालते हुए वापस शिव मंदिर पर आकर कंस वध के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इसमें खुशवंत सिंह, डा. रामकुमार सिंह, प्रेम शंकर शर्मा, सिपाही लाल रस्तोगी, रतनलाल, रोहताश मौर्य, गोकरन सिंह आदि शामिल रहे।