मिलक (रामपुर)। बाईपास पर तेज रफ्तार एक कार की चपेट लगने पर बरेली के चार कांवड़िये घायल हो गए। इसको लेकर कांवड़ियो ने हंगामा किया और जाम लगाने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया और उनको कार से गंतव्य तक भिजवाया।
कोतवाली क्षेत्र के रोरा बाईपास के पास सुबह करीब सात बजे एक तेज रफ्तार कार गुजर रही थी। सावन मास के आखिरी सोमवार को जलाभिषेक के लिए बरेली जिले के थाना शीशग़ढ़ क्षेत्र के गिरधरपुर के लोग हरिद्वार से कांवड लेकर बरेली जा रहा था। इस बीच कार की चपेट में आने से जत्थे में शामिल गिरधरपुर निवासी कांवडिये कृपाल, चंद्रपाल तथा महेंद्र पाल चोटिल हो गए। उन्होंने कार चालक को घेर लिया और हंगामा खड़ा कर दिया और वह हाईवे पर बैठ गए। उन्होंने जाम लगाने की कोशिश की। इस पर पुलिस दौड़ी और कार चालक को हिरासत में ले लिया जबकि घायलों का नगर की सीएचसी पर प्राथमिक इलाज कराकर छुट्टी दे दी।इस बीच कुछ कांवडिये कोतवाली पहुंच गए। मामले को भांपकर पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया तब वह शांत हो पाए। उनका कहना था कि उनको कार से गंतव्य तक भिजवाया जाए। तब पुलिस एवं कार चालक ने उनकी शर्त मान ली और उनको कार से बरेली तक भिजवाया। पुलिस ने बताया कि घायलों के इलाज और उनको पहुंचाने की मांग पूरी हो गई थी जिस पर उन्होंने कार चालक के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी ।