बहजोई। गलत बयान बाजी को लेकर हल्का दारोगा की तहरीर पर सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। रविवार को सपा जिलाध्यक्ष थाना क्षेत्र में एक पलायन के मामले में गांव पहुंचे थे।
हल्का दारोगा दृगपाल सिंह की ओर से थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि रविवार को थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर समशोई में पहुंचे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने भाषण देते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने उनके व्यक्तियों की ओर उंगली भी उठाई, तो उसकी उंगली काट देंगे। जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाल वहीद खान का कहना है कि हल्का दारोगा की तहरीर पर सपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ जान से मारने की धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इधर सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां का कहना है कि पुलिस प्रशासन भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। फत्तेहपुर समशोई गांव में कुछ मुस्लिम परिवार उत्पीड़न से तंग आकर पलायन करने को तैयार थे। जिनको समझाने के लिए वह गांव पहुंचे थे और गांव में कोई भी गलत बात नहीं कही गई थी। लगाए गए आरोप निराधार हैं।