बहजोई। उमस भरे मौसम ने दिन भर लोगों को हलकान किया। वहीं, शाम को हुई बरसात ने मौसम को खुशनुमा कर दिया। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिली।
शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दिन में एक-दो बार सूरज ने बादलों की ओट छोड़नी चाही, तो बादलों ने सूरज को इसका मौका नहीं दिया। बावजूद इसके मौसम में उमस भरी गर्मी रही। वह तो गनीमत रही कि धूप नहीं निकली, नहीं तो गर्मी और भी बढ़ जाती। इससेे लोगों को मुश्किल झेलनी पड़ती। शाम साढ़े चार बजे से अचानक आसमान में काले बादल छाने लगे और देखते ही देखते आसमान पर काले बादलों की चादर सी ढक गई। शाम साढ़े पांच बजे अचानक बरसात शुरू हो गई। देखते ही देखते बरसात तेज हो गई। लोग आनन-फानन बरसात से बचने के लिए इधर-उधर मकानों व दुकानों आदि की छतों के नीचे छिपने लगे। करीब 20 मिनट तक पड़ी बरसात ने कई गली-मोहल्लों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। पानी की निकासी के अभाव में गली-मोहल्लों में नालियों का गंदा पानी सड़क पर आने लगा। मोहल्ला ब्रह्मबाजार व कुरेशियान आदि में लोगों को सड़क पर भरे गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ा।