बहजोई। जिला बदायूं में तैनात पूर्ति निरीक्षकों की ओर से आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दर्ज कराए मामले में मुकदमा दर्ज कराने वाले पूर्ति निरीक्षकों को पुलिस की ओर से आरोपी बना दिया गया है। इसको लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर में जिले भर के पूर्ति निरीक्षकों की ओर से जिलाधिकारी आनंद सिंह को ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि जिला बदायूं की तहसील दातागंज के दो पूर्ति निरीक्षक संजय कुमार चौधरी व पंकज कुमार की ओर से जिलाधिकारी से अनुमति लेकर दो मुकदमे दर्ज कराए गए थे। अब विवेचना अधिकारी की ओर से दोनों ही मामलों में पूर्ति निरीक्षकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों ही पूर्ति निरीक्षकों पर धारा 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बीती 07 अगस्त 2018 को रात साढ़े तीन बजे करीब पूर्ति निरीक्षक पंकज कुमार को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने दबिश भी दी थी। दोनों ही पूर्ति निरीक्षकों के खिलाफ दर्ज की गई एफआइआर निरस्त की जाए और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाए। ज्ञापन में कुलदीप जैन व योगेश शुक्ला समेत अन्य पूर्ति निरीक्षक मौजूद रहे।