कांठ। भाकियू ने बकाया गन्ना भुगतान ब्याज सहित दिलाए जाने की मांग करते हुए बिजली कटौती पर कड़ी नाराजगी जताई है। गन्ना भुगतान न किए जाने पर न्यायालय की शरण लेने को कहा है।
बृहस्पतिवार को किसान भवन छजलैट पर हुई बैठक में भाकियू कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना भुगतान को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। किसानों ने कहा कि मिल संचालक किसानों का करोड़ों रुपया दबाकर बैठे हैं, लेकिन इसे लेकर सरकारें भी खामोश बैठी हैं। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बकाया गन्ना भुगतान मय ब्याज के दिलाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वह न्यायालय का सहारा लेंगे। इसी के साथ वह सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन भी करेंगे। उन्होंने नियमानुसार बिजली आपूर्ति किए जाने के साथ ही भीकनपुर बिजली उपगृह पर पांच एमबी का ट्रांसफार्मर स्थापित कराए जाने को कहा है। नौ सितंबर को किसान भवन परिसर में स्थापित कराई जा रही पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह की प्रतिमा के अनावरण की रूपरेखा बनाए जाने का निर्णय लिया गया। किसान भवन परिसर में खड़े हैंडपंप के द्वारा गंदा पानी दिए जाने को ले नाराजगी जताई तथा खंड विकास अधिकारी और उपजिलाधिकारी से इस हैंडपंप का रिबोर कराए जाने की मांग की। गन्ना विभाग के द्वारा किसानों के गन्ने के कच्चे कलेंडर वितरित कराए जाने को कहा गया है। अध्यक्षता हरचरन सिंह ने की और राहुल चौधरी, ब्लाकाध्यक्ष वीर सिंह ढाका, विजयपाल सिंह, संजीव कुमार, नन्हें सिंह, रघुवीर सिंह, देशराज सिंह, राजवीर सिंह, हुक्म सिंह, रामपाल सिंह, छत्रपाल सिंह, विपुल, बच्चू सिंह, अजयपाल सिंह, खिलेंद्र सिंह, समरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।