कांठ। नवागत चिकित्साधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अस्पताल में आकस्मिक निरीक्षण करते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस मौके पर साफ कहा कि यदि अस्पताल में कोई भी कर्मचारी बिना यूनिफार्म और आई कार्ड के दिखाई दिया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को अस्पताल का कार्यभार संभालने के बाद नवागत चिकित्साधिकारी डा. संजीव बेलवाल ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस मौके पर इमरजेंसी रूम, लेबर रूम, ओपीडी, स्टाफ उपस्थिति, औषधि वितरण कक्ष, रोगी पर्ची कक्ष, जरनल वार्ड, महिला वार्ड, जननी सुरक्षा वार्ड, साफ-सफाई, फार्मेसिस्ट कक्ष, ऑपरेशन कक्ष आदि का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने अस्पताल में मौजूद मरीजों से भी बात की और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। स्टाफ के साथ बैठक करते हुए चिकित्साधिकारी डा. संजीव बेलवाल ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सभी का सहयोग जरूरी होता है। सभी चिकित्सक और स्टाफ अपनी यूनिफार्म और आई कार्ड के साथ अस्पताल में समय से आएं। यदि कोई भी बिना यूनिफार्म दिखाई दिया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक चंद्रशेखर यादव, हेल्थ सुपरवाइजर भगवान सिंह, चीफ फार्मेसिस्ट डा. डीएस नेगी, फार्मेसिस्ट हरि बाबू, पंकज यादव, जुल्फिकार अली समेत स्टाफ मौजूद रहा।