मिलक। भारतीय यूनियन (टिकैत) ने मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया और भैंसा- बग्घी लेकर पहुंचे किसानों ने धरना दिया।
भारतीय किसान यूनियन के मंडल महामंत्री आदेश शंखधार के नेतृत्व में किसान अपनी भैंसा-बग्घी लेकर ब्लाक पहुंचे। जहां पर करींगा गांव में शौचालय के निर्माण समेत कई मांगों को लेकर उन्होंने खंड विकास अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। खंड विकास अधिकारी के न मिलने पर किसान और भड़क गए और ब्लाक परिसर में धरने पर बैठ गए। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रभारी बीडीओ को अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन देने की पहल की। इस पर भाकियू तैयार नहीं हुई। उसका कहना था कि पूर्व घोषित कार्यक्रम था लेकिन बीडीओ नहीं आए। उनको धरना स्थल पर बुलाया जाए। इस बीच मामला एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता तक पहुंचा। तब उन्होंने तहसीलदार अशोक कुमार सिंह को ब्लाक में धरना स्थल पर भेजा जिस पर भाकियू ने अपनी मांगों के समर्थन में उपजिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गन्ना भुगतान कराने, करींगा गांव में शौचालय का निर्माण कराने, परम पट्टी से मिर्जापुर तक पक्की सड़क का निर्माण कराने, नगर में अतिक्रमण हटाने, राशन में धांधली खत्म करने, जालिफ नगला में पुलिया का निर्माण कराने की मांग शामिल है। धरना एवं प्रदर्शन में अजय बाबू गंगवार, हरपाल सिंह गंगवार, धीरज शर्मा, इंतजार हुसैन, राशिद अंसारी, वीरेश शर्मा, अजीज अहमद, राजमोहन तिवारी, मुनीश गंगवार, दयाराम गंगवार, यशपाल, सुमित, शिवम शर्मा, संजीव गंगवार, खेमकरन लाल, डालचंद रहे।