कांठ। सावन माह की चल रही कांवड़ यात्रा में सतर्कता बरतने के निर्देश पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने थाना पुलिस को दिए हैं। उन्होंने बैठक के दौरान पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा भी की।
बुधवार की शाम पुलिस अधीक्षक ग्रामीण उदय शंकर सिंह ने कांठ थाने में अधीनस्थों के साथ बैठक करते हुए कांवड़ यात्रा के संबंध में कुछ विशेष जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सप्ताह में तीन दिन भारी वाहनों का आवागमन हाईवे पर न होने दिया जाए। इसी के साथ हाईवे के दोनों ओर अतिक्रमण को हटाते हुए कांवड़ियों के रास्तों को साफ रखा जाए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांठ-बिजनौर सीमा पर 24 घंटे पुलिस ड्यूटी लगाए जाने को भी कहा।
इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक कांठ गजराज सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीरपाल धामा, कस्बा चौकी इंचार्ज संजीव कुमार, डेहरा चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार, एसएसआई चमन सिंह, उपनिरीक्षक लोकेश कुमार तोमर, एसआई मुकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक अपराध लखीराम, प्रभारी निरीक्षक प्रशासनिक रविंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक शांति व्यवस्था पान सिंह सहित सभी हल्कों के उपनिरीक्षक मौजूद रहे।