टांडा। नगर में गुरुवार को साप्ताहिक बाजार के दिन राहगीर दिनभर जाम से जूझते रहे। भीषण गर्मी में जाम में फंसे राहगीरों को भारी दिक्क्त का सामना करना पड़ा। वही पुलिस कोतवाली में मूक दर्शक बनी बैठी रही।
नगर के मुख्य मार्ग पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमणकारी फड़, ठेले तथा मोटर साइकिल खड़ी कर लेते हैं। इससे नगर में भीषण जाम लग जाता है। समय- समय पर नगर पालिका तथा तहसील प्रशासन द्वारा अतिक्रमण अभियान चलाया जाता है, जिसका असर कुछ दिन देखने मिलता है। लेकिन कुछ दिन गुजरते ही सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमणकारी फिर से अपने स्थान पर आ जाते है। जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। गुरुवार को नगर में साप्ताहिक बाजार लगता है।इससे क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग नगर में खरीदारी के लिए आते है। गुरुवार को दिनभर लोग भीषण गर्मी में जाम से जूझते रहे। पालिकाध्यक्ष मेहनाज जहाँ ने बताया कि नगर में जल्द ही फिर से अतिक्रमण अभियान चलाया जायेगा और किसी भी अतिक्रमणकारी को बख्शा नहीं जाएगा।