टांडा (रामपुर)। नगर में बैंक कर्मियों की उदासीनता के चलते बैंक में ग्राहक सुविधा हाशिये पर है। बैंक के एटीएम में पैसे नहीं है। वहीं पासबुक प्रिंट करने की मशीन लंबे समय से खराब हैं। गर्मी तथा उमस भरे मौसम में सैकड़ों लोग बैंक में बिना पंखे और एसी के लाइन में लगने को मजबूर हैं। बैंक अधिकारियों के रवैये को लेकर ग्राहकों में भारी आक्रोश है।
नगर में तीन बैंक के एटीएम हैं। लेकिन तीनों ही बैंक के एटीएम कभी कैश नहीं होने तो कभी खराब होने के कारण बंद रहते हैं। वहीं एक बैंक में लंबे समय से पास बुक इंट्री की मशीन खराब है। गर्मी के मौसम में बैंक में गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। एसी के खराब होने के कारण ग्राहकों को गर्मी में देर तक बैंकों में रुकने में परेशानी होती है। ग्राहक मोहम्मद रेहान, मोहम्मद फैजान, राकेश, सुरेंद्र सिंह, कैलाश सिंह आदि ने कहा कि बैंक में स्टाफ कि कमी के चलते लंबी लाइन लगती है। अधिकांश एटीएम बंद रहते हैं। बार-बार आधार कार्ड देने के बाद भी बैंक कर्मी आधार को बैंक खाते से नहीं जोड़ते हैं। उच्च अधिकारियों से कई बार शिकायत के बाद भी बैंकों में हो रही समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।