चंदौसी। फल एवं सब्जी मंडी चौराहे पर बेतरतीब तरीके से टेंपो और ई-रिक्शे खड़े करने से जाम लग रहा है। वहीं दुकानदार अपना माल सड़क पर रखकर बेच रहा है। इससे आढ़तियों को खासा नुकसान हो रहा है। जाम के कारण सभी को परेशानी हो रही है।
मंडी समिति में चालक अपने ई-रिक्शे व टेंपो को फल एवं सब्जी मंडी चौराहे पर खड़ा कर लेते हैं। जिससे इस चौराहे पर सुबह सात बजे से 11 बजे तक जाम लगा रहता है। लोगों का पैदल निकलना दूभर बना रहता है। ऐसे में लोगों को वाहन लेकर अंदर जाने में तो पसीने आ जाते हैं। किसान व खरीदार मजबूरी में औने-पौने में सब्जी की खरीदारी करते हैं। इससे मंडी में कारोबार कर रहे व्यापारियों को खासा नुकसान हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि कई बार मंडी प्रशासन को अवगत कराया है लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।