कांठ। नवांगत मंडलायुक्त से मिले भारतीय किसान यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गन्ना भुगतान और बिजली को ले कड़ी नाराजगी जताई। इसी के साथ शासन की मंशानुसार क्षेत्र को बिजली दिए जाने की मांग किसानों ने की। इस मौके पर भाकियू ने मंडलायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा है।
शुक्रवार को भाकियू पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने गन्ना भुगतान को ले बरती जा रहा ढिलाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए किसानों की आर्थिक स्थिति के बारे में बताया। भाकियू के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि यदि जल्द की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो भाकियू रोड जाम कर आंदोलन करेगी। इस मौके पर किसानों ने स्वामीनाथन आयोग रिपोर्ट लागू कराने, बिजली व्यवस्थाओं में सुधार किए जाने, जर्जर लाइनों और विद्युत पोलों को बदलवाए जाने, कुचावली स्थित कन्या हाईस्कूल को इंटरमीडिएट तक मान्यता दिलाने, बिजली के चेकिंग के नाम पर किसानों का उत्पीड़न न किए जाने, गन्ना सर्वे के लिए किसानों को परेशान न करने, नहरों में टोल तक पानी देने आदि मांगों के संबंध में मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर कहा गया कि भाकियू नौ जुलाई को राष्ट्रीय आह्वान पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगी।
इस मौके पर ज्ञापन देने वालों में भाकियू प्रदेश महासचिव डॉ. नौ सिंह, तहसीलाध्यक्ष हरदीप सिंह, तहसील प्रभारी जितेंद्र विश्नोई जीतू, मीडिया प्रभारी राहुल चौधरी, समापाल सिंह, विजयपाल सिंह, विक्की चौधरी, बच्चू सिंह, जबर सिंह, देवराज सिंह, करूण कुमार, रामकला सिंह आदि रहे।