बहजोई। लो वोल्टेज की समस्या से बहजोई क्षेत्र के सौ से अधिक गांव जूझ रहे हैं। पर्याप्त वोल्टेज के साथ लोगों को बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे नलकूपों समेत आटा चक्की आदि दूसरे विद्युत उपकरण ठप पड़े हैं। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बहजोई क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में बीते कई दिनों से लोगों को विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो रही है। लो वोल्टेज की समस्या ग्रामीणों और किसानों के अभिशाप बन रही है। लो वोल्टेज से न तो सरकारी और निजी नलकूप चल पा रहे हैं वहीं आटा चक्की और कई मशीनें भी ठप पड़े हैं। इससे ग्रामीणों का कामकाज तो प्रभावित हो ही रहा है। साथ ही किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए नलकूपों से पानी नहीं मिल रहा है। लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे बहजोई क्षेत्र के गांव ग्रामीण अंचलों के फीडरों के कुल 110 गांवों में साउथ ईस्ट फीडर के गांव रायपुर व मझौला समेत 10 गांव, साउथ फीडर के गांव बहापुर, पाठकपुर, रंपुरा आदि समेत कुल 45 गांव प्रभावित हैं। नॉर्थ फीडर के मेन ब्रांच के गांव चितौरा, फरीदपुर, भवन, सिंहपुर, ढाढ़ौल और भूड़ ब्रांच के कुल 55 गांव शामिल हैं। सभी गांवों में एक साथ बिजली आपूर्ति दिए जाने पर ही लो वोल्टेज की समस्या आ रही है।
-----
ग्रामीण अंचलों के सभी फीडरों को चालू करने पर लो वोल्टेज की समस्या आ रही है लेकिन जब कुछ फीडरों को बंद करके दूसरे फीडरों को विद्युत आपूर्ति दी जा रही है तब तो वोल्टेज ठीक-ठाक मिल रहे हैं। वैसे पुरा वाले 220 केवीए के बिजलीघर से ही बहजोई को 11 हजार में से कुल 9 हजार वोल्टेज मिल पा रहा तो फिर बहजोई बिजलीघर से ग्रामीण अंचलों की विद्युत आपूर्ति में लो वोल्टेज की समस्या होना तो लाजिमी ही है। वैसे आला अफसरों से बातचीत कर लो वोल्टेज की समस्या में सुधार कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
विजयपाल सिंह, अवर अभियंता, विद्युत उपकेंद्र, बहजोई।